भादो भड़का : जिले में सर्वाधिक रतलाम में लगभग 4 इंच मेघा बरसे, कई जगह हुआ जल जमाव
⚫ बाजना रहा सूखा
⚫ जिले में हुई औसत बारिश 27.88 मिलीमीटर
⚫ गत वर्ष के मुकाबले 141.12 मिलीमीटर बारिश अधिक
⚫ अब तक सर्वाधिक बारिश सैलाना में 1182 मिलीमीटर
⚫ सबसे कम बारिश ताल क्षेत्र में 395 मिमी
हरमुद्दा
रतलाम, 21 अगस्त। सावन में अपेक्षित बारिश नहीं हुई मगर भादो की बछबारस के दिन रतलाम शहर पानी पानी हो गया। कई क्षेत्रों में जल भराव की स्थिति नजर आई। सड़कों पर पानी समा नहीं रहा था। जिले की सर्वाधिक बारिश रतलाम में लगभग 4 इंच दर्ज की गई। चालू मानसून सत्र में अब तक सर्वाधिक बारिश सैलाना में 1182 मिलीमीटर दर्ज हुई है तो सबसे कम ताल क्षेत्र में 395 मिलीमीटर ही बारिश हुई है।

बुधवार को एक बार फिर बारिश का श्री गणेश हुआ। दोपहर बाद मेघ जमकर बरसे। मेघा के बरसाने का क्रम देर रात तक चलता रहा। रतलाम शहर में बुधवार सुबह 8:00 बजे से गुरुवार सुबह 8:00 बजे तक 97 मिमी बारिश दर्ज हुई है जो कि तकरीबन 4 इंच होती है। खास बात यह रही की पूरे जिले में बारिश हुई मगर बाजना इस बारिश से अछूता रहा, वहां पर एक बूंद पानी नहीं गिरा। पिछले 24 घंटे में जिले में औसत रूप से 27.88 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई। गत वर्ष इस अवधि तक 578.38 मिली मीटर बारिश हुई थी जबकि इस बार 719.50 बारिश दर्ज हुई है, जो कि 141.12 मिमी अधिक है।

अब तक सर्वाधिक बारिश सैलाना में 1182 मिलीमीटर
चालू मानसून सत्र में अब तक सर्वाधिक बारिश सैलाना क्षेत्र में 1182 मिलीमीटर दर्ज हुई है, वही सबसे कम ताल क्षेत्र में 395 मिलीमीटर बारिश ही दर्ज हुई है। सैलाना में केदारेश्वर का झरना काफी प्रभाव से प्रवाह से बहा।
वाहन चालकों को हुई भारी मुसीबत

बुधवार को ही बारिश से शहर चारों ओर पानी पानी हो गया। शहर के मुख्य मार्ग पर जल जमाव की स्थिति बन गई। जल निकासी की स्थिति पर्याप्त नहीं थी। इसके चलते वाहन चालकों को भारी मुसीबत का सामना करना पड़ा। कई घरो में पानी की टपकन भी शुरू हुई। बिजली पाइंट के सहारे दीवारों से भी पानी कमरों में रिसने लगा।
Hemant Bhatt