आदिवासी अंचल के शिवगढ़ क्षेत्र में हुई हत्या का मात्र 10 घंटे के भीतर खुलासा

आदिवासी अंचल के शिवगढ़ क्षेत्र में हुई हत्या का मात्र 10 घंटे के भीतर खुलासा

राजस्थान के 5 आरोपी गिरफ्तार

⚫ सोयाबीन खेत में भेड़ घुसने पर हुआ था विवाद

⚫​ कानूनी कार्रवाई एवं पुलिस की घेराबंदी

हरमुद्दा
​रतलाम, 20 अगस्त। थाना शिवगढ़ पुलिस ने तत्परता और कुशलता का परिचय देते हुए खेत में भेड़ घुसने के विवाद में हुई हत्या की गंभीर वारदात का महज 10 घंटे के भीतर सफल खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए राजस्थान के रहने वाले 5 मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर वारदात में इस्तेमाल लाठियां और मोबाइल जब्त कर लिए हैं।


​सोयाबीन के खेत में भेड़ घुसने पर हुआ था विवाद

घटना 18 अगस्त 2026 की शाम करीब 5:30 बजे की है। ग्राम साग्लाखो निवासी फरियादी सुखराम पिता मंगला भाभर (36) के 08 लाइन स्थित खेत में सोयाबीन की फसल में कुछ लोग भेड़ें चरा रहे थे। जब सुखराम और उनके पिता मंगला भाभर (60) ने इस पर आपत्ति जताई, तो भेड़ चरा रहे आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल मंगला भाभर को तत्काल इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज रतलाम ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

कानूनी कार्रवाई एवं पुलिस की घेराबंदी

घटना की शिकायत पर थाना शिवगढ़ में अपराध क्रमांक 244/2026 दर्ज किया गया। मौत की सूचना के बाद प्रकरण में हत्या की धारा 103(1) बीएनएस का इजाफा किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देश पर टीम का गठन कर साग्लाखो के आसपास के पहाड़ी व जंगलों में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस ने आरोपियों को घेराबंदी कर दबोच लिया।

​गिरफ्तार आरोपी

⚫ ​हराजी पिता लालाजी रेबारी (उम्र 50 वर्ष), निवासी ग्राम गिरवर, जिला पाली (राजस्थान)

⚫ ​सोनाराम उर्फ सुनाराम पिता पौसाजी रेबारी (उम्र 27 वर्ष), निवासी ग्राम कुरना, जिला पाली (राजस्थान)

⚫ ​राजाजी पिता भानाजी रेबारी (उम्र 50 वर्ष), निवासी ग्राम किरवा, जिला पाली (राजस्थान)

⚫ ​हमीराराम पिता लालारामजी रेबारी (उम्र 30 वर्ष), निवासी ग्राम नयागांव, जिला पाली (राजस्थान)

⚫ ​तेजाजी उर्फ तेजाराम पिता जापाजी खोरी (उम्र 45 वर्ष), निवासी ग्राम लापूर, जिला पाली (राजस्थान)

​जब्त सामग्री

​घटना में इस्तेमाल किए गए 03 ठोस बांस के डंडे और 04 मोबाइल फोन

रतलाम पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था के प्रति आमजन का विश्वास और मजबूत हुआ है।