24 घंटे में घर में हुई चोरी का खुलासा: घरेलू सहायिका गिरफ्तार, 3.50 लाख के जेवर बरामद

24 घंटे में घर में हुई चोरी का खुलासा: घरेलू सहायिका गिरफ्तार, 3.50 लाख के जेवर बरामद

⚫ घर में झाड़ू-पोछा करने वाली महिला पर जताया था संदेह

⚫ फरियादी घर लौटे तो अलमारी का लॉकर मिला खुला

हरमुद्दा
​रतलाम, 25 नवंबर। संपत्ति संबंधी अपराधों पर लगाम कसने और चोरी की वारदातों का तेजी से खुलासा करने के अभियान के तहत थाना स्टेशन रोड पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने घर में हुई चोरी की घटना का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए घरेलू कामकाज करने वाली महिला को गिरफ्तार किया है। आरोपिया के कब्जे से लगभग 3 लाख 50 हजार रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए गए हैं।

​क्या है पूरा मामला?

​प्रतापनगर निवासी फरियादी राजेन्द्र वाघ (63), जो ऑटो पार्ट्स की दुकान चलाते हैं और घर में अकेले रहते हैं, उन्होंने 24 नवंबर को थाना स्टेशन रोड में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 23 नवंबर की दोपहर करीब 3:15 बजे वे दुकान गए थे और शाम 7:30 बजे लौटे तो अलमारी का लॉकर खुला मिला। अलमारी से सोने का ब्रेसलेट, लक्ष्मी-गणेश अंकित चांदी के सिक्के, चांदी की चेन और 7,000 रुपये नकद गायब थे।
​फरियादी ने पिछले तीन माह से घर में झाड़ू-पोछा करने वाली महिला पर संदेह जताया था। पुलिस ने अपराध क्रमांक 923/2026, धारा 306 बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।

​पुलिस की त्वरित और प्रभावी कार्रवाई

​मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी अमित कुमार के निर्देशन, एएसपी (शहर) राकेश पंद्रो, एएसपी (ग्रामीण) विवेक कुमार लाल व सीएसपी सत्येन्द्र घनघोरिया के मार्गदर्शन में स्टेशन रोड थाना प्रभारी निरीक्षक मुनेन्द्र गौतम के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।

​टीम ने घटनास्थल व आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और संदेही महिला सोनम पति शकील पठान (32) (निवासी प्रतापनगर, आरा मशीन के पीछे, रतलाम) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। सघन पूछताछ में आरोपिया ने चोरी की वारदात कबूल कर ली और बताया कि बीते तीन माह से काम करने के दौरान उसने धीरे-धीरे आभूषण चुराकर अपने घर में छिपा दिए थे। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी का माल बरामद कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

​बरामद सामग्री का विवरण

​पुलिस ने आरोपिया के कब्जे से जो जेवर जब्त किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत 3,50,000 रुपये है।

⚫ ​सोने का ब्रेसलेट : वजन लगभग 15 ग्राम

⚫​ सोने का सिक्का : वजन लगभग 10 ग्राम

⚫ ​चांदी की चेन : वजन लगभग 50 ग्राम

⚫​ चांदी के सिक्के (3 नग): कुल वजन लगभग 30 ग्राम

सराहनीय भूमिका

चोरी की घटना का त्वरित खुलासा करने में निरीक्षक मुनेन्द्र गौतम, थाना प्रभारी स्टेशन रोड, उप निरीक्षक यूनुस खान, प्रधान आरक्षक ममता हाड़ा, जितेन्द्र सिंह बघेल, विजय वसुनिया, आरक्षक मकन सिंह, आरक्षक नरेन्द्र परमार की सराहनीय भूमिका रही।

रतलाम पुलिस का आह्वान

आमजन अपने घरों एवं प्रतिष्ठानों में कार्य करने वाले कर्मचारियों का आवश्यक पुलिस सत्यापन अवश्य करवाएं। घर में कीमती सामान एवं नकदी सुरक्षित स्थान पर रखें तथा सुरक्षा की दृष्टि से सीसीटीवी कैमरे लगवाएं।