मुख्यमंत्री जन-विश्वास शिविर में ग्रामीणों का आक्रोश और प्रशासनिक मुस्तैदी दोनों देखने को मिली

मुख्यमंत्री जन-विश्वास शिविर में ग्रामीणों का आक्रोश और प्रशासनिक मुस्तैदी दोनों देखने को मिली

अनियमित राशन दुकान पर कलेक्टर की बड़ी कार्रवाई

⚫ सेल्समैन की सेवाएं समाप्त करने के निर्देश

⚫ ग्रामीणों ने खुलकर बताई मूलभूत समस्याएं

⚫ ​शिक्षा और पोषण व्यवस्था की पड़ताल

हरमुद्दा
​रतलाम, 14 अगस्त। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत शुक्रवार को ग्राम रानीसिंह में आयोजित जन-विश्वास शिविर में ग्रामीणों का आक्रोश और प्रशासनिक मुस्तैदी दोनों देखने को मिली। कलेक्टर अजय कटेसरिया और जिला पंचायत सीईओ सुश्री वैशाली जैन की मौजूदगी में आयोजित इस शिविर में ग्रामीणों ने गांव की मूलभूत समस्याओं से अधिकारियों को अवगत कराया।

​राशन दुकान के केवल 2-3 दिन खुलने और खाद्यान्न वितरण में भारी अनियमितता की शिकायत पर कलेक्टर ने सख्त रुख अपनाते हुए संबंधित सेल्समैन की सेवाएं तत्काल समाप्त करने के कड़े निर्देश दिए।

​शिविर के प्रमुख बिंदु एवं मुख्य समस्याएं

​राशन दुकान पर सख्त एक्शन

ग्रामीणों की शिकायत का तत्काल संज्ञान लेते हुए कलेक्टर ने कहा कि नागरिक सेवाओं में लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

​प्रमुख क्षेत्रीय मांगें

ग्रामीणों ने रावटी को नया विकासखंड बनाने, मलवासी रेलवे अंडरपास में बारिश के पानी के भराव की समस्या का स्थाई हल निकालने तथा गांव के जर्जर मार्गों के सुधार की मांग रखी।

​राजस्व व कृषि संबंधी मुद्दे

शिविर में खाद की पर्याप्त उपलब्धता, भूमि अतिक्रमण हटाने, पशु चिकित्सक की नियुक्ति और आय, जाति व मूल निवासी प्रमाण-पत्र समय पर जारी करने से जुड़े मामले छाए रहे।

​शिक्षा और पोषण व्यवस्था की पड़ताल

​कलेक्टर श्री कटेसरिया ने गांव में संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों के खुलने के समय, पोषण आहार वितरण और मिलने वाली सुविधाओं का जायजा लिया। साथ ही, प्राथमिक व माध्यमिक विद्यालयों में विद्यार्थियों की उपस्थिति, दूर-दराज से आने वाले बच्चों की स्थिति और पठन-पाठन की व्यवस्था को लेकर ग्रामीणों व शिक्षकों से सीधा संवाद किया।

​उद्यमी संवाद एवं आजीविका प्रोत्साहन

​शिविर के दौरान विशेष 'उद्यमी संवाद' का आयोजन भी किया गया, जिसमें स्थानीय युवा उद्यमियों कपिल गुर्जर, सुरेंद्र सिंह राठौर एवं दिनेश गुर्जर ने कंस्ट्रक्शन, फूड प्रोसेसिंग, एसीसी ब्लॉक निर्माण और किराना व्यवसाय के अपने अनुभवों को साझा किया। वहीं स्व-सहायता समूह की महिलाओं ने अपने उत्पादों की बिक्री के लिए स्थायी दुकान आवंटित करने की मांग रखी, जिस पर प्रशासन ने सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

वरिष्ठ अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति

शिविर में सैलाना एसडीएम सुनील जायसवाल, जनपद अध्यक्ष, जिला व जनपद पंचायत सदस्य, ग्राम सरपंच सहित विभिन्न विभागों के जिला व विकासखंड स्तरीय अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।