रतलाम में 5.5 करोड़ की बड़ी डकैती का पर्दाफाश

रतलाम में 5.5 करोड़ की बड़ी डकैती का पर्दाफाश

300 CCTV और साइबर सेल की मदद से 6 आरोपी गिरफ्तार

⚫ दो आरोपी पुलिस की गिरफ्त से दूर

⚫ लगभग पूरा माल बरामद

हरमुद्दा
​रतलाम, 16 अगस्त। रतलाम पुलिस के थाना बिलपांक क्षेत्र में सराफा व्यापारी के साथ हुई करोड़ों रुपये के जेवरातों की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने महज़ 48 घंटे के भीतर पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए 6 आरोपियों को धर दबोचा है, जबकि घटना में शामिल 2 अन्य आरोपी फिलहाल फरार हैं। 

​ प्रेस वार्ता में जानकारी देते हुए आईजी गुप्ता

लूटा गया माल लगभग पूरा बरामद

पुलिस कंट्रोल रूम पर हुई प्रेस वार्ता में आई जी राकेश गुप्ता ने बताया कि पुलिस ने आरोपियों के पास से लूटा गया लगभग पूरा माल बरामद कर लिया है, जिसकी कुल अनुमानित कीमत लगभग ₹5.5 करोड़ है। इस दौरान डीआईजी निमिष अग्रवाल, पुलिस अधीक्षक अमित कुमार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल सहित अन्य मौजूद थे।

⚫ ​सोने के आभूषण: 238 नग (वजन 4.167 किग्रा) – अनुमानित कीमत ₹5.32 करोड़

⚫ ​चांदी के आभूषण: 183 नग (वजन 4.047 किग्रा) – अनुमानित कीमत ₹9 लाख।

​कैसे अंजाम दी गई वारदात?

​फरियादी अर्पित चोरड़िया (निवासी 24 जैन कॉलोनी, रतलाम) चांदनी चौक में सोने-चांदी के व्यापारी हैं। 13 अगस्त 2026 की रात लगभग 8:20 बजे वे बड़नगर में अपना व्यापारिक कार्य निपटाकर बीके यादव बस से रतलाम लौट रहे थे।
​रात 9:15 से 9:30 बजे के बीच बस के हनुमान चौकी (उमरथाना फंटा) पहुंचते ही बस में सवार दो युवकों ने उनका बैग छीनने की कोशिश की। व्यापारी द्वारा विरोध करने और शोर मचाने पर उनके 3 अन्य साथियों ने मारपीट की और सोने-चांदी के जेवरात व नकदी से भरा बैग छीनकर फरार हो गए। फरियादी की सूचना पर थाना बिलपांक में धारा 309(6) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।

300 CCTV कैमरे और साइबर तकनीक से खुला राज

डीआईजी गुप्ता ने बताया कि ​घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के नेतृत्व में विशेष टीमों का गठन किया गया।

​सीसीटीवी खंगाले
 
घटनास्थल से लेकर बड़नगर तक के मार्ग पर लगे 300 से अधिक CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई।

​डिजिटल साक्ष्य

साइबर सेल ने तकनीकी इनपुट और डिजिटल सर्विलांस के जरिए संदिग्धों की लोकेशन ट्रेस की।

​घेराबंदी व गिरफ्तारी

15 अगस्त 2026 को सटीक सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने हिम्मतगढ़ पहाड़ी क्षेत्र में घेराबंदी कर 6 संदिग्धों को दबोच लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

​गिरफ्तार एवं फरार आरोपियों का ब्योरा

⚫ ​राहुल गुर्जर (24 वर्ष) – निवासी ग्राम ऊनी, थाना बिलपांक, रतलाम

⚫ ​अभिजीत उर्फ अभय गुर्जर (22 वर्ष) – निवासी ग्राम ऊनी, जिला रतलाम

⚫ ​यशवंत गुर्जर (28 वर्ष) – निवासी मंदसौर (पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड)

⚫ ​राहुल उर्फ वीर गुर्जर (25 वर्ष) – निवासी दिलीपनगर, रतलाम

⚫ ​रवि उर्फ बबला गुर्जर (27 वर्ष) – निवासी ग्राम जमुनिया, रतलाम

⚫ ​मोहम्मद उमर उर्फ पप्पू (42 वर्ष) – निवासी आनंद कॉलोनी, रतलाम (पूर्व में 2 मामले दर्ज)

​फरार आरोपी की तलाश जारी

⚫ ​रोहित नायक (निवासी रामरहीम नगर, रतलाम) – फरियादी की दुकान का पूर्व कर्मचारी (मुख्य मुखबिर)।

⚫ ​गौरव गुर्जर (निवासी हरसोला, इंदौर) – आरोपियों को पनाह देने वाला।

​पुलिस टीम होगी पुरस्कृत

आईजी गुप्ता ने बताया कि मैदानी पुलिसिंग, त्वरित फील्ड एक्शन और साइबर सेल के इस शानदार समन्वय के लिए पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सरहाना की गई है। सफलता पूर्वक पर्दाफाश करने वाली पूरी पुलिस टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की गई है।