सैलाना के शत्रुंजय ज्वेलर्स पर लाखों की चोरी करने वाले आनंद और विकास चढ़े पुलिस के हत्थे, अन्य वारदातों का भी खुलासा
⚫ आरोपियों के कब्जे से सोने चांदी के आभूषण, हथियार और मोटरसाइकिल जब्त
⚫ दर्जनों सीसीटीवी फुटेज तलाशे से
⚫ जब्त हथियार एवं उपकरणों के संबंध में पृथक से विवेचना
हरमुद्दा
रतलाम, 25 मई। आदिवासी अंचल के सैलाना में शत्रुंजय ज्वेलर्स के यहां पर लाखों के आभूषणों पर हाथ साफ करने वाले दो कर आनंद और विकास को गिरफ्तार करने में पुलिस को सफलता मिली है। चोर की तलाश में पुलिस विभाग ने दर्जनों सीसीटीवी फुटेज तलाशे तब जाकर संदिग्धों की पहचान हुई। झाबुआ जिले के झकनावदा से उन्हें पकड़ लिया। आरोपियों के कब्जे से चोरी गए आभूषण, हथियार और मोटरसाइकिल जब्त हुई है। अन्य वारदातों का भी खुलासा हुआ है।

पुलिस कंट्रोल रूम पर हुई प्रेस वार्ता में पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि 20 मई की रात्रि को सैलाना के शत्रुंजय ज्वेलर्स पर चोरों घटना को अंजाम दिया था। पुलिस मौके पर पहुंची तो दुकान के शटर के ताले ग्राइंडर मशीन से कटे हुए मिले। दुकान से लगभग 4.5 किलो चांदी के आभूषण एवं करीब 15 ग्राम सोने के फैंसी आभूषण चोरी होना पाए गए। चोरी गए सामान की अनुमानित कीमत लगभग ₹9 लाख रुपये थी। फरियादी की रिपोर्ट पर थाना सैलाना पर अपराध क्रमांक 171/2026 धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

किया टीम का गठन
एसडीओपी सैलाना नीलम बघेल के नेतृत्व में थाना सैलाना, थाना बिलपांक, थाना रावटी एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम द्वारा घटना स्थल एवं आसपास लगे दजर्नों सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए। कैमरे की मदद से आरोपियों को ट्रैक किया गया। घटना स्थल के फुटेज में एक आरोपी दुकान के अंदर प्रवेश कर ज्वेलरी को पीले रंग के प्लास्टिक कट्टे में भरते हुए दिखाई दिया। वहीं दूसरा आरोपी बाहर निगरानी करता पाया गया।
तकनीकी विश्लेषण से मिली सफलता
तकनीकी विश्लेषण, सीसीटीवी फुटेज एवं मुखबिर सूचना के आधार पर पुलिस टीम द्वारा उक्त संदीग्ध आरोपियों की तलाश करते हुए झाबुआ जिले के ग्राम झकनावदा पहुंची। मुखबिर सूचना पर ग्राम करिया से दौलतपुरा जाने वाले मार्ग पर घेराबंदी कर दो संदिग्ध व्यक्तियों को पकड़ा गया।
चोरी करना किया मंजूर
आरोपियों ने पूछताछ में शत्रुंजय ज्वेलर्स में चोरी करना स्वीकार किया। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी गया सम्पूर्ण सामग्री, घटना में प्रयुक्त औजार, एक बिना नंबर की पल्सर मोटरसाइकिल, एक देशी पिस्टल, एक जिंदा कारतूस एवं एक खाली राउंड बरामद किए गए। जब्त हथियार एवं उपकरणों के संबंध में पृथक से विवेचना की जा रही है।
⚫ आनंद पिता सुंदरलाल गुर्जर, (25) निवासी झकनावदा, जिला झाबुआ
⚫ विकास उर्फ फरीद हुसैन पिता मोहम्मद हुसैन, (30) निवासी झकनावदा, जिला झाबुआ
अन्य वारदातों का भी खुलासा
पूछताछ में आरोपियों द्वारा थाना सैलाना क्षेत्र अंतर्गत कीर्तिविहार में चोरी करना, थाना बिलपांक क्षेत्र अन्तर्गत ग्राम कमेड में हिंगलाज माता मंदिर चोरी की घटना को अंजाम देना तथा पेटलावद एवं झाबुआ क्षेत्र में भी चोरी एवं नकबजनी की वारदातों में संलिप्त होना स्वीकार किया गया है। इसके अतिरिक्त आरोपियों द्वारा ग्राम दलौदा जिला मंदसौर से एक पल्सर मोटरसाइकिल तथा सांवरिया सेठ मंदिर जिला चित्तौड़गढ़ (राजस्थान) क्षेत्र से एक प्लेटिना मोटरसाइकिल चोरी करना भी स्वीकार किया गया है। संबंधित घटनाओं के संबंध में संबंधित थाना क्षेत्रों से समन्वय स्थापित कर अग्रिम वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।
यह किया जब्त
⚫ चोरी गए लगभग 4.5 किलो चांदी के आभूषण
⚫ करीब 15 ग्राम सोने के फैंसी आभूषण
⚫ घटना में प्रयुक्त ग्राइंडर मशीन, पेचकस, प्लायर एवं अन्य औजार
⚫ एक देशी पिस्टल
⚫ एक जिंदा कारतूस एवं एक खाली राउंड
⚫ एक बिना नंबर प्लेट की बजाज पल्सर मोटरसाइकिल
⚫ चोरी में प्रयुक्त सामग्री एवं अन्य सामान।
Hemant Bhatt