नगर निगम का साधारण सम्मेलन : महापौर ने किया बजट प्रस्तुत, भाजपा पार्षदों को बजट का बैग दिया, त्रुटि के चलते बजट कॉपी ले ली पुनः

नगर निगम का साधारण सम्मेलन : महापौर ने किया बजट प्रस्तुत, भाजपा पार्षदों को बजट का बैग दिया, त्रुटि के चलते बजट कॉपी ले ली पुनः

ऐसे करेंगे विकास कार्य, जो सदैव रहेंगे याद : महापौर

⚫ 10 अप्रैल को बजट पर होगा विचार-विमर्श एवं निर्णय

⚫ सड़कों का हुआ नवीन नामकरण

हरमुद्दा
रतलाम 7 अप्रैल। मंगलवार को हुए नगर निगम के साधारण सम्मेलन में महापौर प्रहलाद पटेल ने अपने कार्यकाल के चतुर्थ वर्ष का बजट प्रस्तुत किया। बजट पर विचार विमर्श एवं निर्णय के लिए 10 अप्रैल को 11 बजे नगर निगम सभागार में चर्चा होगी। मंगलवार को हुए सम्मेलन में शहर के विभिन्न मार्गों का नवीन नामकरण किया गया। साथ ही शुल्क वृद्धि प्रस्ताव भी ध्वनि मत से पारित किए गए। 


निगम अध्यक्ष मनीषा शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित निगम के साधारण सम्मेलन में महापौर प्रहलाद पटेल बैग के साथ आए और बजट प्रस्तुत किया। 

वार्ड क्रमांक एक और दो में एक ही पार्षद के लगे फोटो

बजट निगम अध्यक्ष को सौपा गया। अर्थ वर्ष 2026-27 के बजट की कॉपी बैग के साथ सदस्यों को प्रस्तुत की गई, मगर सभी सदस्यों से बजट की कॉपी वापस ले ली गई वजह थी फोटो मिस्टेक की। वार्ड क्रमांक 1 और 2 में एक ही पार्षद के फोटो प्रकाशित हो गए थे। इस पर हरमुद्दा से चर्चा में महापौर ने कहा कि दोनों ही पार्षद लगभग एक जैसे दिखते हैं, इसलिए फोटो लगाने में चूक हुई है। इस त्रुटि को सुधार लिया जाएगा। 

ऐसे करेंगे विकास कार्य, जो सदैव रहेंगे याद : महापौर

बजट प्रस्तुत करते हुए महापौर ने कहा कहा हम सभी एकजुट होकर नगर के समग्र विकास में महत्वपूर्ण योगदान देंगे तथा ऐसे उल्लेखनीय विकास कार्य करेंगे जो कि सदैव याद रहें। वर्ष 2026-2027 का प्रस्तुत करते हुए कहा कि यथासम्भव मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराते हुए नगर के सौन्दर्यीकरण एवं व्यवस्थापन का प्रयास इस बजट के माध्यम से किया गया हैं।

प्रथम चरण में 61 अनाधिकृत कॉलोनीयों में विकास कार्य 

नगर पालिक निगम रतलाम द्वारा प्रथम चरण में 61 अनाधिकृत कॉलोनियों में विकास कार्य एवं भवन निर्माण अनुज्ञा प्रदान किये जाने की कार्रवाई पूर्ण की गई है। जिसके उपरांत 46 अनाधिकृत कॉलोनीयों में राशि रू. 23.01 करोड के विकास कार्य कराये जा रहे है। जिसमें से 31 कार्य पूर्ण होकर 16 कार्य र्प्रगतिरत है।

द्वितीय चरण में 57 अनाधिकृत कॉलोनीयों में विकास कार्य 

 नगर पालिक निगम रतलाम द्वारा द्वितीय चरण में 57 अनाधिकृत कॉलोनीयों में विकास कार्य एवं भवन निर्माण अनुज्ञा प्रदान किये जाने की कार्यवाही पूर्ण की गई है। जिसके उपरांत 39 अनाधिकृत कॉलोनीयो में राशि रू. 12.67 करोड के विकास कार्य की निविदा आमंत्रित की गई है। सभी निविदाए प्राप्त हो कर ठेकेदार को अनुबंध कराने हेतु सूचना पत्र दिये गये है कार्य शीघ्र प्रारंभ किये जावेंगे।

एम पी 43 फुड प्लाजा का निर्माण कार्य 

 नगर पालिक निगम रतलाम द्वारा लोकेन्द्र भवन रोड पर राशि रू.3,15,91,500/- से  एम पी 43 फुड प्लाजा का निर्माण कार्य प्रगति पर है।

नगर वन वाटिका का निर्माण कार्य

नगर पालिक निगम रतलाम द्वारा गंगा सागर से राशि रू. 572,34,216/- से नगर वाटिका का निर्माण कार्य किया जाना हैं। जिसके लिए निविदा आमंत्रित की जाकर मेसर्स गुरूजीत सिंह भोपाल को कार्यादेश दिया जाकर कार्य शीघ्र प्रारंभ किया जावेगा।
संत निवास का निर्माण कार्य :-  नगर पालिक निगम रतलाम द्वारा त्रिवेणी मानस भवन के पास राशि रू. 1,14,24000/- से संत निवास का निर्माण कार्य किया जा रहा है। जिसका निर्माण कार्य प्रगति पर है।

नवीन फायर स्टेशन का निर्माण कार्य 

नगर पालिक निगम रतलाम द्वारा 15 वे वित आयोग अंतर्गत राशि रू. 3,04,58,341/- से ग्राम पलसोडा में नवीन फायर स्टेशन का निर्माण कार्य किया जाना प्रस्तावित है। जिसके लिए निविदा आमंत्रित की जाकर परीक्षण प्रक्रिया में है। शीघ्र निर्माण कार्य किया जावेगा। 

फ्री-गंज रोड का निर्माण कार्य

नगर पालिक निगम रतलाम द्वारा कायाकल्प योजना अंतर्गत स्टेशन चौराहे से दो बत्ती चौराहे तक ( फ्री-गंज रोड) राशि रू. 1,43,78,158/- से फोरलेन सडक का निर्माण कार्य किया जा रहा है। जिसका निर्माण कार्य प्रगति पर है।

मांगल्य मंदिर पहुंच मार्ग का निर्माण कार्य 

नगर पालिक निगम रतलाम द्वारा मांगल्य धाम मंदिर से लेकर गंगा सागर स्थित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी तक राशि रू. 54477392/- से सी.सी. सडक का निर्माण कार्य किया जाना प्रस्तावित है। जिसके लिए निविदा आमंत्रित की जा चुकी है। आबकारी चौराहे से त्रिपोलिया गेट रोड 6.85 करोड की निविदा आमंत्रित की जाकर स्वीकृति प्रदान की गई है व जल्द ही निर्माण कार्य प्रारंभ किया जावेगा। लक्कड पीठा रोड लगभग 6.32 करोड की लागत से कार्य प्रगतिरत है एवं जल्द पूर्ण किया जावेगा। जिससे आवागमन सुचारू होगा एवं ट्राफिक की समस्या से निजात मिलेगी।


शहर को सुन्दर एवं सुविधा युक्त बनाने तथा आम व्यक्ति को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाये जाने हेतु नगर के चौमुखी विकास हेतु निरंतर प्रयास किए जा रहे है जो आप सभी को ज्ञात है। वर्ष 2026-27 के बजट में निम्न मदो में यथोचित बजट का प्रावधान किया गया है ।  जिसके तहत त्रिवेणी मेला व्यय रू. 25.00 लाख़,  खेलकुद व्यय रू. 20.00 लाख़, कुए बावड़ी सफाई हेतु रू. 25.00 लाख़, तालाब की सफाई हेतु व्यय रू. 25.00 लाख, गौशाला निर्माण हेतु व्यय रू. 25.00 लाख़ का बजट प्रावधान किया गया है।

मास्टर प्लान के तहत सड़कों का चौड़ीकरण

मास्टर प्लान के अंतर्गत शहर की विभिन्न सडको का चौडीकरण हेतु 15 करोड से बढाकर 50 करोड की राशि बजट प्रावधान में रखी गई है।  डिजीटल रतलाम के तहत शहर में सुरक्षा की दृष्टि से कैमरो को संधारित कर निगरानी हेतु शासन से 15 करोड के अनुदान प्राप्ति कर व्यय किये जाने हेतु मद का निर्धारण किया गया। इसके अतिरिक्त अन्य अनावश्यक व्ययों में कटौती एवं आवश्यक व्ययां में वृद्धि कर बजट आय व्यय पत्रक मदों में संशोधन के उपरांत अर्थ वर्ष 2026-27 का प्रस्तावित अनुमानित आय-व्यय पत्रक (बजट) जिसमें निगम के विभिन्न स्त्रोतों से आय, अंशदान एवं अनुदान से होने वाली प्रस्तावित अनुमानित आय रूपयें 54353.50 (पांच अरब तिरयालीस करोड त्रैपन लाख पचास हजार रूपयें) तथा इसके विरूद्ध होने वाले प्रस्तावित अनुमानित व्यय रूपयें 54323.03 (पांच अरब तिरयालीस करोड तेवीस लाख तीन हजार रूपयें) होगा। इस प्रकार रूपयें 30.47 (तीस लाख सैतालीस हजार रूपयें) की बचत अनुमानित की गई है।     

राजस्व वृद्धि के निरंतर प्रयास

 नगर निगम राजस्व में वृद्धि हेतु निरंतर प्रयास किये जाकर निगम के समस्त विभागों में वसुली में तेजी लाई जा रही है साथ ही सम्पत्तिकर  निर्धारण का सर्वे किये जाने का कार्य भी करवाया जा रहा है , नगर में अवैध नल कनेक्शनों का सर्वे करवाया जाकर उन्हें नियमित किये जाने की कार्यवाही की जा रही है तथा नगर निगम की आय वृद्धि हेतु स्वास्थ्य विभाग के लायसेंस शुल्क में भी वृद्धि की गई है। ताकि निगम की आय में वृद्धि हो सकें। निगम की ऐसी सम्पत्तियॉ जिनका विक्रय किया जाकर निगम को आय प्राप्त हो सकें उनके विक्रय किये जाने की कार्यवाही भी त्वरित रूप से की जाएगी। वर्तमान सम्पत्तिकर, जलकर एवं दुकानों का किराया वसूली के लिए नागरिकों को प्रेरित कर सहयोग करें। जिससे नगर निगम को करों की राशि समय पर प्राप्त हो सकें। 

फ्रीगंज मार्ग होगा अब अटल बिहारी वाजपेई सड़क

आयोजित सम्मेलन में वार्ड क्रमांक  फूल मण्डी चौराहे से रत्नेश्वर रोड तक की सड़क का नाम भारत देश की प्रथम महिला शिक्षिका एवं समाज सुधारिका तथा मराठी कवयित्री  सावित्रीबाई फुले मार्ग रखे जाने एवं रत्नेश्वर रोड से हाकिमवाड़ा तक की सड़क का नाम हरमाला रोड से बदलकर विरांगना गुजरी माता पन्ना धाय के नाम से रखे जाने का प्रस्ताव सर्वानुमति से पारित किया गया।
इसके अलावा निर्माणाधीन स्पोर्टस कॉम्पलेक्स का नाम छत्रपति शिवाजी महाराज के नाम से रखे जाने, साक्षी पेट्रोल पम्प वाले तिराहे का नाम रघुवीर टाट वाले महाराज पर के नाम पर रखे जाने तथा दो बत्ती चौराहा से स्टेशन रोड (फ्रीगंज रोड) का नाम भारत रत्न स्वर्गीय श्री अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर रखे जाने का प्रस्ताव सर्वानुमति से पारित किया गया। 

शुल्क वृद्धि के प्रस्ताव पारित

इसके अलावा नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग अन्तर्गत लायसेंस शाखा में लायसेंस की विभिन्न मदों में लायसेंस शुल्क वृद्धि के प्रस्ताव पर महापौर प्रहलाद पटेल द्वारा बताए गए मदो में आवश्यक संशोधन करते हुए सदन में उपस्थित सदस्यों की सर्वानुमति से प्रस्ताव पारित किया गया।

यह प्रस्ताव की पारित

नगर निगम की विकास शाखा द्वारा नगर सुधार न्यास की विभिन्न योजनाओं में तीस वर्ष की लीज पर आवंटित भूखण्ड/भवन की लीज समाप्त हो जाने से म0प्र0 नगर पालिक निगम अधिनियम 1956 (क्रमांक 23 सन 1956) की धारा 80 मध्यप्रदेश नगर पालिका अचल संपत्ति का अंतरण नियम 2016) एवं संशोधन दिनांक 04 मई 2021 के प्रावधानों के अंतर्गत आगामी 30 वर्षों हेतु बढ़ाये जाने प्रस्ताव पर 72 नाम के अलावा ऐसे प्रकरण जिनमें नगर निगम द्वारा कार्रवाई पूर्ण की जा चुकी है, उन्हे भी शामिल कर प्रस्ताव पारित किया गया।

कार्रवाई के लिए कमिश्नर अधिकृत

नगर सुधार न्यास की विभिन्न योजनाओं में 16 भूखण्डधारियों में से 4 भूखण्डधारियों की रजिस्ट्री संपादित किए जाने के लिए निगम आयुक्त को नियमानुसार कार्रवाई के लिए अधिकृत किया गया।

शहर की सीमा पर बनेंगे स्वागत द्वारा विभिन्न सड़कों पर

इसके अलावा नगर निगम के राजस्व विभाग द्वारा राजसात की गई दुकानों को किराये पर दिए जाने के लिए किराया निर्धारण कर निविदा आमंत्रित किए जाने तथा शहर को सुन्दर एवं आकर्षक बनाने के लिए नगर निगम सीमान्तर्गत शहर में प्रवेश स्थलों के मुख्य मार्गो क्रमशः सालाखेड़ी, डोसीगांव, सैलाना रोड़ एवं सागोद रोड पर भव्य स्वागत द्वार निर्माण कराए जाने के प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान की गई।