रतलाम में सनसनीखेज वारदात: चांदनी चौक में पति ने बेरहमी से की पत्नी की हत्या

रतलाम में सनसनीखेज वारदात: चांदनी चौक में पति ने बेरहमी से की पत्नी की हत्या

7 और 2 साल के बच्चों के सिर से उठा मां का साया

⚫ सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची मौके पर

⚫ शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा मेडिकल कॉलेज

हरमुद्दा
​रतलाम, 2 अगस्त। शहर के व्यस्ततम चांदनी चौक स्थित सुनार बावड़ी इलाके में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक पति ने अपनी ही जीवनसंगिनी की नृशंसता से हत्या कर दी। आरोपी पति ने अपनी पत्नी की छाती पर बैठकर धारदार हथियार से उसका गला रेत दिया। महिला की चीख-पुकार सुनकर जब तक आसपास के पड़ोसी मौके पर पहुंचे, तब तक महिला दम तोड़ चुकी थी। कमरे के अंदर का खौफनाक मंजर देखकर लोगों के होश उड़ गए।


​चीख-पुकार सुनकर पहुंचे पड़ोसी, मंजर देख सहमे लोग

घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई और देखते ही देखते समाज व मोहल्ले के लोग बड़ी संख्या में एकत्र हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 35 वर्षीय आरोपी पति असगर अली को मौके से ही हिरासत में ले लिया है।

आरोपी पति असगर अली असगर

मासूम बच्चों के सिर से उठा मां का साया

मृतका की पहचान 33 वर्षीय रुकेया के रूप में हुई है। पुलिस ने शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए रतलाम मेडिकल कॉलेज भिजवा दिया है। बताया जा रहा है कि वारदात के समय आरोपी के माता-पिता घर पर मौजूद नहीं थे। इस दिल दहला देने वाली घटना के बाद दंपति की 7 वर्ष की मासूम बेटी और 2 वर्ष के छोटे बेटे के सिर से मां का साया हमेशा के लिए उठ गया है।

​पुलिस कर रही है मामले की जांच

​ माणक चौक थाना के थाना प्रभारी विक्रम सिंह चौहान ने बताया इस सनसनीखेज हत्याकांड के पीछे की मुख्य वजह का अभी खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आला-ए-कत्ल (हत्या में इस्तेमाल हथियार) जब्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर मामले की हर पहलू से गहनता से जांच कर रही है।