​माँ कालिका विहार योजना का बदलेगा स्वरूप

​माँ कालिका विहार योजना का बदलेगा स्वरूप

अध्यक्ष मनोहर पोरवाल ने किया अवलोकन

⚫ रतलाम विकास प्राधिकरण की बड़ी पहल, स्वच्छता और सौंदर्यीकरण पर जोर

हरमुद्दा
​रतलाम, 28 जुलाई। रतलाम शहर के सर्वांगीण विकास और नागरिकों को सुव्यवस्थित आवासीय सुविधाएँ उपलब्ध कराने की दिशा में रतलाम विकास प्राधिकरण ने एक और सराहनीय पहल की है। करमदी मार्ग स्थित 'माँ कालिका विहार योजना' को स्वच्छ, सुरक्षित और आकर्षक बनाने के उद्देश्य से मंगलवार सायंकाल प्राधिकरण अध्यक्ष मनोहर पोरवाल ने योजना क्षेत्र का गहन निरीक्षण किया तथा चल रहे कायाकल्प कार्यों का जायजा लिया।

​ रतलाम विकास प्राधिकरण के योगेश शुक्ला ने बताया कि निरीक्षण के दौरान प्राधिकरण के उपाध्यक्ष गोविंद काकानी एवं संचालक मंडल सदस्य राजेंद्र सिंह गोयल भी मुख्य रूप से मौजूद रहे।

​सुरक्षा और स्वच्छता के लिए दिए गए सख्त निर्देश

​योजना परिसर को असामाजिक तत्वों और गंदगी से मुक्त रखने के लिए प्राधिकरण अध्यक्ष ने तुरंत प्रभाव से आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

​8 फीट ऊंची बाउंड्री वॉल

बाहरी तत्वों द्वारा गंदगी फैलाने और अनधिकृत प्रवेश पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए ठेकेदार को परिसर के चारों ओर 8 फीट ऊंची मजबूत बाउंड्री वॉल निर्मित करने के निर्देश दिए गए।

​समतलीकरण और झाड़ियों की सफाई

परिसर में उगी अनावश्यक झाड़ियों एवं खरपतवार को जड़ से नष्ट कर पूरी भूमि के समतलीकरण (Land Leveling) के आदेश दिए गए।

​सुचारू विद्युत व्यवस्था

 योजना के ट्रांसफार्मर पैनल को ठीक कराने और निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए मध्य प्रदेश विद्युत मंडल से आवश्यक समन्वय स्थापित कर जल्द कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए।

​सुंदर पार्कों का होगा निर्माण, भूखंडों की बिक्री से विकास को मिलेगी रफ्तार

​अध्यक्ष श्री पोरवाल ने योजना के भविष्य का खाका साझा करते हुए हरमुद्दा को बताया कि ​"योजना क्षेत्र की पूर्ण साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता होते ही यहाँ सुंदर पार्कों का विकास और सौंदर्यीकरण का कार्य तेजी से शुरू किया जाएगा।" उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इस वृहद कायाकल्प के पश्चात योजना में मौजूद अविक्रीत भूखंडों (Unsold Plots) के विक्रय की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। इससे नागरिकों को एक स्वच्छ, सुरक्षित और सुव्यवस्थित माहौल में अपना आशियाना बनाने का बेहतरीन अवसर मिलेगा। प्राधिकरण की इस सक्रियता से करमदी मार्ग क्षेत्र के विकास को एक नया आयाम मिलेगा और नागरिकों में भी उत्साह का माहौल है।