साजिश : बेचने के बाद ट्रैक्टर चोरी की रिपोर्ट का पर्दाफाश

साजिश : बेचने के बाद ट्रैक्टर चोरी की रिपोर्ट का पर्दाफाश

रतलाम जिले में मां ने दो बेटों सहित दो अन्य के साथ मिलकर रची साजिश

⚫ फाइनेंस की किस्तों से बचने के लिए ट्रैक्टर चोरी की झूठी रिपोर्ट 

⚫ फाइनेंस शाखा ने भी करवाया प्रकरण दर्ज

हरमुद्दा
रतलाम, 4 मार्च। फाइनेंस की किस्तों को भरने से बचने के लिए ट्रैक्टर को बेचने के बाद चोरी की रिपोर्ट दर्ज करवाई। इसके लिए मां ने दो बेटों सहित दो अन्य के साथ मिलकर साजिश रची। संदेह के बाद पुलिस ने मामले का पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने महिला सहित पांच लोगों को गिरफ्तार किया है।

थाना बरखेड़ा कला पुलिस द्वारा मिली जानकारी के अनुसार 17 फरवरी 2026 को फरियादी मोतीलाल मालवीय निवासी ग्राम जमुनिया शंकर द्वारा थाना बरखेड़ा कला में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। रिपोर्ट में बताया कि उसका महिंद्रा ट्रैक्टर रात्रि में अज्ञात व्यक्ति द्वारा चोरी कर गया है। रिपोर्ट पर थाना बरखेड़ा कला में अपराध क्रमांक 29/2026 धारा 303(2) BNS के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।

...तो पुलिस को हुआ संदेह

प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम द्वारा घटनास्थल एवं आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज सहित विभिन्न पहलुओं पर जांच की गई। जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि घटना के समय किसी भी मार्ग से ट्रैक्टर के आने-जाने का कोई स्पष्ट प्रमाण नहीं मिला, जिससे पुलिस को प्रकरण में संदेह हुआ।

किस्तों से बचने के लिए झूठी रिपोर्ट

जांच में पता चला कि फरियादी के भाई राजू उर्फ राजेश मालवीय द्वारा ट्रैक्टर को पहले ही बेच दिया गया था। फाइनेंस की किस्तों से बचने के लिए ट्रैक्टर चोरी की झूठी रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।

योजनाबद्ध तरीके से ट्रैक्टर बेच दिया उत्तर प्रदेश में

पुलिस ने राजू उर्फ राजेश को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने स्वीकार किया कि उसने मुकेश पाटीदार एवं असलम शाह के साथ मिलकर ट्रैक्टर को बेचने की योजना बनाई। आरोपियों ने दलाल प्रदीप कुमावत निवासी दलोदा के माध्यम से उक्त ट्रैक्टर को मथुरा निवासी मदन मोहन को बेच दिया और बाद में ट्रैक्टर चोरी की झूठी रिपोर्ट दर्ज कराई।जांच के दौरान ट्रैक्टर बिक्री से संबंधित नोटरी दस्तावेज भी जब्त किए गए हैं। 

फाइनेंस शाखा ने भी करवाई फरियादी के विरुद्ध शिकायत

इस मामले में SK Finance आलोट शाखा द्वारा भी फरियादी के विरुद्ध धोखाधड़ी संबंधी शिकायत दर्ज कराई गई है। प्रकरण में धारा 318(4), 238, 61(2) BNS का इजाफा किया गया है तथा आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की विवेचना की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपी

⚫ राजू उर्फ राजेश पिता नंदलाल मालवीय, (30), निवासी ग्राम जमुनिया शंकर

⚫ मुकेश पिता रामलाल पाटीदार, (32) निवासी ग्राम जमुनिया शंकर

⚫ असलम पिता हुसैन शाह, (36), निवासी ग्राम जमुनिया शंकर।

⚫ मोतीलाल पिता नंदलाल मालवीय, (22), निवासी ग्राम जमुनिया शंकर।

⚫ रत्नीबाई पति नंदलाल मालवीय, (55), निवासी ग्राम जमुनिया शंकर

 इनका सराहनीय योगदान

झूठी रिपोर्ट का पर्दाफाश करने में निरीक्षक रविंद्र दंडोतिया (थाना प्रभारी बरखेड़ा कला), प्रधान आरक्षक सुरेंद्र कच्छावा, आरक्षक ओमप्रकाश गुर्जर, राजेश चौधरी, शकील, ईश्वर धाकड़, महिला आरक्षक शारदा लोहार तथा सायबर सेल रतलाम का सराहनीय योगदान रहा।