रतलामी सेंव की फर्जी ब्रांडिंग पर गिरेगी गाज: ब्रांड नेम और जीआई टैग का गलत इस्तेमाल पड़ेगा भारी
⚫ कलेक्टर ने दिए कड़ी कार्रवाई के निर्देश
⚫ ब्रांड नेम का दुरुपयोग करने वाली कंपनियों को जारी होंगे नोटिस, वसूला जाएगा हर्जाना
⚫ रतलाम रेलवे स्टेशन पर भी मिलेगी रतलामी सेंव, मेनू में शामिल कराने की कवायद तेज
हरमुद्दा
रतलाम, 4 नवंबर। रतलाम की विश्वप्रसिद्ध पहचान और धरोहर 'रतलामी सेंव' के नाम पर फर्जीवाड़ा करने वाली कंपनियों पर अब प्रशासन का चाबुक चलने वाला है। रतलामी सेंव के रजिस्टर्ड ट्रेडमार्क और जीआई (Geographical Indication) टैग का दुरुपयोग करने वाली बाहरी व अनाधिकृत कंपनियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यदि कोई अन्य कंपनी 'रतलामी सेंव' का पेटेंट या रजिस्टर्ड ब्रांड नेम इस्तेमाल कर अपने उत्पाद बेचती पाई गई, तो उसे तत्काल नोटिस थमाया जाएगा और हर्जाना वसूलने के लिए विधिक प्रकरण तैयार किया जाएगा।

यह कड़े निर्देश कलेक्टर अजय कटेसरिया ने लघु उद्योग संवर्धन बोर्ड एवं निर्यात संवर्धन समिति की महत्वपूर्ण बैठक के दौरान दिए।
हमारी धरोहर, हमारा हक: केवल पंजीकृत उत्पादक ही कर सकेंगे उपयोग
कलेक्टर ने बैठक को संबोधित करते हुए स्पष्ट किया कि रतलामी सेंव केवल एक स्वाद नहीं, बल्कि रतलाम की स्वाभिमान, पहचान और ऐतिहासिक धरोहर है। इसके जीआई टैग और नाम का उपयोग करने का अधिकार केवल और केवल निर्धारित पंजीकृत स्थानीय उत्पादकों को ही है। यदि कोई भी कंपनी इसका गलत लाभ उठाने की कोशिश करेगी, तो उसके खिलाफ शून्य सहिष्णुता (Zero Tolerance) की नीति अपनाई जाएगी।
बैठक में उपस्थित जिला विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष मनोहर पोरवाल और विभिन्न औद्योगिक संगठनों के सदस्यों ने भी कलेक्टर की इस पहल का जोरदार समर्थन किया और सर्वसम्मति से कड़ी कार्रवाई पर सहमति जताई।
रेलवे स्टेशन पर भी मिलेगा रतलामी स्वाद, मेनू में शामिल करने की तैयारी
रतलामी सेंव की पहुंच और साख को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए प्रशासन ने एक और बड़ा कदम उठाया है। कलेक्टर ने कहा कि रतलाम रेलवे स्टेशन पर भी यात्रियों को प्रामाणिक रतलामी सेंव उपलब्ध कराने के गंभीर प्रयास किए जाएंगे।
इसके लिए मंडल रेल प्रबंधक (DRM) से उच्च स्तरीय चर्चा की जाएगी। साथ ही, रतलामी सेंव को भारतीय रेलवे के खान-पान मेनू में आधिकारिक रूप से शामिल कराने के लिए उद्योग विभाग को आवश्यक पत्राचार शुरू करने के सख्त निर्देश जारी किए गए हैं।
गुमराह करने वाली कंपनियों में हड़कंप
प्रशासन के इन सख्त और दूरगामी फैसलों से स्थानीय नमकीन कारोबारियों में उत्साह की लहर है, वहीं फर्जी ब्रांडिंग कर उपभोक्ताओं को गुमराह करने वाली कंपनियों में हड़कंप मच गया है।
यह थे मौजूद
बैठक में सीईओ जिला पंचायत सुश्री वैशाली जैन, जिला विकास प्राधिकरण अध्यक्ष मनोहर पोरवाल, महाप्रबंधक उद्योग अतुल बाजपेई सहित औद्योगिक संगठनों के सदस्य उपस्थित थे।
Hemant Bhatt